
हरिद्वार। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी स्थित श्री मनसा देवी चरण पादुका मंदिर परिसर में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज ने रुद्रपुर में आयोजित 20वीं राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर अंडर-7 चैंपियन वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले देहरादून के कियान सिंहल तथा अंडर-9 ओपन वर्ग में प्रथम स्थान हासिल करने वाले हरिद्वार के नक्ष चौहान को सम्मानित किया गया। श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज ने कहा कि शतरंज बौद्धिक क्षमता, धैर्य और निर्णय लेने की कला को विकसित करने वाला खेल है। कम उम्र में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना दोनों खिलाड़ियों की प्रतिभा और मेहनत का परिचायक है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहन मिलने से वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
सम्मान समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. विशाल गर्ग, मनोज मंत्री, अभिषेक सिंहल, आबकारी अधिकारी दर्शन सिंह चौहान, अर्चित कुकरेती, अनुराग मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।