
हरिद्वार। सतीकुंड कनखल स्थित श्रीमती शकुंतला शास्त्री स्मारक महिला इंटर कॉलेज में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव ‘अनुभूति’ धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। 90 वर्षों से महिला शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाए संस्था के वार्षिकोत्सव में छात्राओं ने नृत्य, नृत्य नाटिका और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, उत्तराखंड की विरासत, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अशोक शास्त्री, संरक्षिका डॉ. वीणा शास्त्री, एमसीएस बाल विद्यापीठ सतीकुंड की निदेशिका डॉ. विशाखा कुमार, प्रधानाचार्य रेखा पुरोहित और निर्देशिका शशि प्रभा वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘मीमांसा’ के वर्ष 2026-27 के संस्करण का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं ने ‘सृष्टि का स्पंदन’ नृत्य से की। इसके बाद ‘ग्लोरियस एंड प्रॉस्परस इंडिया’ के माध्यम से भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों को दर्शाया गया। रविंद्र संगीत पर आधारित नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। भारत रत्न एवं पद्म श्री से सम्मानित डॉ. भूपेंद्र हजारिका और जुबीन गर्ग को समर्पित ‘अमर सुरों का महासंगम’ ने भावुक कर दिया।
‘माटी की पुकार’ नृत्य नाटिका में धरती माता के संरक्षण का संदेश दिया गया, जबकि ‘उत्तराखंड की गूंज’ के माध्यम से प्रदेश के इतिहास, संस्कृति, संघर्ष और स्वाभिमान की गाथा प्रस्तुत की गई। ‘क्लासिकल बनाम भरतनाट्यम’ में शास्त्रीय नृत्य की विविधता देखने को मिली। वहीं ‘पेपर लीक’ नृत्य नाटिका के जरिये वर्तमान समय की ज्वलंत सामाजिक समस्या को मंच पर प्रभावी ढंग से उठाया गया।
छात्राओं ने योग की विभिन्न मुद्राओं पर आधारित ‘योगासन’, अमीर खुसरो की सूफियाना संगीत परंपरा को दर्शाती ‘तक खुसरो लगे सी’ और विलियम शेक्सपियर के प्रसिद्ध नाटक पर आधारित अंग्रेजी प्रस्तुति ‘द मर्चेंट ऑफ वेनिस’ भी प्रस्तुत की। समापन पर ‘शान-ए-पंजाब’ के माध्यम से भांगड़ा, पंजाबी लोक परंपराओं और अमर शहीदों के त्याग को जीवंत किया गया।
इस अवसर पर महिला डिग्री कॉलेज की प्राचार्य शशि तोमर, वरिष्ठ प्रवक्ता प्रेरणा पांडे, महिला विद्यालय सेल्फ फाइनेंस विंग की निदेशक अल्पना शर्मा, प्रबंध समिति सदस्य अवनीश पांडे और भूपेंद्र गौड़, पूर्व शिक्षिका रानी गौड़ व प्रेम चावला, हरिद्वार विकास समिति के अध्यक्ष रवि बाबू शर्मा सहित मुस्कान फाउंडेशन और वूमेन जागृति मिशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
विद्यालय की संरक्षिका डॉ. वीणा शास्त्री ने वर्ष 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका गीता रस्तोगी ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यालय अधीक्षक ईशान शर्मा और समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं में उषा, वंशिका, मीनाक्षी, आयुषी, गुंजन, हर्षिता, वैष्णवी, गुनगुन, इशिका, श्रद्धा, अंशिका, शिखा, कनक, संध्या, राखी, दीपिका, श्रुति, दीप्ति, नीलम, खुशी, अनुष्का, अवंतिका, दिव्यांशी, अकीरा, पलक, भारती, दिव्या, पूर्णिमा, मुस्कान, सुहान, जुनैरा, एंजल, सलोनी, जिया, अनन्या, गौरी, खुशबू, नित्या, विजयलक्ष्मी, सिमरन, गीत, रिया, माही, भूमि, सुरभि, सोनम, याशिका, मानवी, संजीवनी, कोमल और भावना शामिल रहीं। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।