• Mon. Mar 30th, 2026

सरस्वती शिशु मंदिर मायापुर में वार्षिक परीक्षाफल वितरण समारोह आयोजित, मेयर किरण जैसल ने किया सम्मानित

ByAdmin

Mar 30, 2026

हरिद्वार, 30 मार्च। श्री तुलाराम गोपाल दास मित्तल सरस्वती शिशु मंदिर, मायापुर हरिद्वार में सोमवार को वार्षिक परीक्षाफल वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मेयर किरण जैसल ने मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर मेयर किरण जैसल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन उनके जीवन की अगली सीढ़ी है। नई कक्षा में प्रवेश के साथ वे नई उमंग, जोश और संकल्प के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थी विशेष योगदान देंगे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य करनेश कुमार ने सभी अतिथियों का परिचय कराया। कार्यक्रम में मायादेवी मंदिर के मुख्य साधक पूज्य संत दिवाकर जी महाराज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रबंधक जगपाल सिंह और कोषाध्यक्ष प्रभु दयाल अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया।

समारोह में वार्षिक परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले भैया-बहनों को पुरस्कार वितरित किए गए। कक्षा स्तर पर नारायणी अधिकारी और यश बौड़ाई ने प्रथम, वासु शर्मा और आराध्या काला ने द्वितीय तथा हर्षित शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सर्वाधिक अंक पार्थ मोदी ने हासिल किए। वहीं संस्कृति ज्ञान परीक्षा में आराध्या काला और पलक देवी ने स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह की खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम में प्रबंध समिति सदस्य रमेश भाटिया, नीरज, समाजसेवी गौरव भारद्वाज सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भरोसानंद डबराल ने किया। अंत में राष्ट्रगीत के साथ समारोह का समापन हुआ।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *