
सनातन को आगे बढ़ा रहे पीएम मोदी और सीएम धामी: श्रीमहंत रविंद्रपुरी
विजय सुब्रह्मण्यम
हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज के नेतृत्व में संत समाज ने हरिद्वार पहुंची राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग की अध्यक्ष महामंडलेश्वर साध्वी निरंजन ज्योति का निरंजनी अखाड़े में भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि आदि गुरु शंकराचार्य द्वारा धर्म रक्षा के उद्देश्य से स्थापित अखाड़े आज भी धर्म और संस्कृति के संरक्षण के साथ मानव कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले वर्ष हरिद्वार में आयोजित होने वाला कुंभ मेला भव्य और दिव्य रूप में संपन्न होगा, जिसमें संत समाज विश्व को आध्यात्मिक मार्गदर्शन देगा।
श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि नरेंद्र मोदी और पुष्कर सिंह धामी सनातन संस्कृति को निरंतर आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि साध्वी निरंजन ज्योति को राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग का अध्यक्ष बनाकर प्रधानमंत्री ने संत समाज का सम्मान बढ़ाया है। साथ ही कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार द्वारा तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी ने साध्वी निरंजन ज्योति को विद्वान संत बताते हुए कहा कि उनका जीवन धर्म, संस्कृति और मानव सेवा के लिए समर्पित है।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी वेदांतानंद गिरी, स्वामी ललितानंद गिरी, साध्वी आत्मचेतनानंद, स्वामी सहजानंद पुरी, स्वामी मोहनानंद गिरी, महंत प्रताप पुरी, महंत सतीश वन, स्वामी मधुर वन सहित अनेक संत-महंत उपस्थित रहे।